https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-4295913954012131

इंडिया मोबाइल कांग्रेस का पीएम मोदी ने किया उद्धाटन, बोले- मोबाइल अब सिर्फ चैट का साधन नहीं, सरकारी सेवाओं का भी बना माध्यम

इंडिया मोबाइल कांग्रेस का पीएम मोदी ने किया उद्धाटन, बोले- मोबाइल अब सिर्फ चैट का साधन नहीं, सरकारी सेवाओं का भी बना माध्यम

India Mobile Congress 2026: नई दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के 10वें संस्करण की शुरुआत हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। 7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे इस आयोजन में भारत के साथ-साथ दुनिया के कई देशों की टेक्नोलॉजी और टेलीकॉम कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। इस बार इंडिया मोबाइल कांग्रेस में 5G और 6G टेक्नोलॉजी के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, सेमीकंडक्टर और डिजिटल इनोवेशन पर खास चर्चा हो रही है। कार्यक्रम में टेलीकॉम और टेक्नोलॉजी क्षेत्र से जुड़े कई बड़े उद्योगपति और प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला, रिलायंस जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी और भारती एयरटेल के चेयरमैन सुनील भारती मित्तल समेत कई प्रमुख हस्तियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

 

मोबाइल फोन की बदल गई भूमिका

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मोबाइल फोन का इस्तेमाल सिर्फ बातचीत या चैट तक सीमित नहीं रह गया है। बल्कि मोबाइल अब सरकारी सुविधाओं को लोगों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम  भी बन चुका है। बैंकिंग से लेकर अस्पताल और सरकारी कार्यालयों से जुड़ी सैकड़ों सेवाएं अब मोबाइल के जरिए लोगों तक पहुंच रही हैं।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। पहले जहां किसी काम के लिए लंबी लाइन में खड़ा होना पड़ता था, वहीं अब कई सेवाएं फोन पर ही उपलब्ध हैं। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं।

DBT से सीधे लोगों तक पहुंचा पैसा

प्रधानमंत्री ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर यानी DBT की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 50 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जा चुके हैं। पीएम मोदी के मुताबिक, डिजिटल ट्रांसफर सिस्टम की वजह से करीब 5 लाख करोड़ रुपये गलत हाथों में जाने से बचाए गए। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उन लोगों तक पहुंचाने में मदद मिली, जिनके लिए ये योजनाएं बनाई गई थीं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जिनकी कथित अवैध कमाई इस व्यवस्था के कारण बंद हुई। उन्होंने कहा कि जिन लोगों का गलत तरीके से पैसा कमाने का रास्ता बंद हुआ है, वे जाहिर तौर पर मोदी को पसंद नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता का हक सीधे जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

हर जिले तक पहुंचा 5G नेटवर्क

पीएम मोदी ने भारत में 5G नेटवर्क के तेजी से विस्तार को भी उपलब्धि के तौर पर बताया। उन्होंने कहा कि साल 2022 में इंडिया मोबाइल कांग्रेस के मंच से ही देश में 5G सेवा की शुरुआत की गई थी। अब देश के हर जिले तक 5G नेटवर्क पहुंच चुका है। पीएम मोदी के मुताबिक भारत में इस समय 5.5 लाख से ज्यादा 5G बेस स्टेशन काम कर रहे हैं। इसके साथ ही देश अब अगली पीढ़ी की मोबाइल तकनीक यानी 6G की दिशा में भी काम कर रहा है और भारत ने टेक्नोलॉजी को तेजी से अपनाया है

कोरोना के दौर में डिजिटल क्रांति बनी मददगार

अपने भाषण में पीएम मोदी ने कोरोना महामारी के समय को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब लोग एक-दूसरे से दूर रहने के लिए मजबूर थे, उस समय डिजिटल तकनीक ने लोगों को आपस में जोड़े रखा। ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल बैंकिंग, वीडियो कॉल और सरकारी सेवाओं की ऑनलाइन उपलब्धता ने उस दौर में लोगों की काफी मदद की। इसके अलावा पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं में भी डिजिटल सिस्टम के जरिए लाभार्थियों के खातों में सीधे पैसा पहुंचाया जा रहा है।

गेमिंग और कंटेंट क्रिएशन में बढ़े मौके

प्रधानमंत्री ने भारत के गेमिंग और ई-स्पोर्ट्स सेक्टर के बढ़ते दायरे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भारतीय युवा गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स और गेम बनाने के क्षेत्र से जुड़ रहे हैं। सस्ते मोबाइल डेटा और बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी ने कंटेंट क्रिएशन को भी बढ़ावा दिया है। आज मोबाइल फोन केवल वीडियो देखने या बातचीत करने का साधन नहीं है, बल्कि इसके जरिए युवा अपना कंटेंट तैयार कर रहे हैं और उसे दुनिया तक पहुंचा रहे हैं।

ये भी पढ़ें:- PM मोदी के जन्मदिन पर यूपी में सेवा संकल्प अभियान, CM योगी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’, अयोध्या में दीपों से जगमगाए मंदिर

 

 

 

administrator

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *